
बॉलीवुड से लेकर वर्ल्ड सिनेमा में अपनी एक्टिंग का छाप छोड़ने वाले अभिनेता इरफान खान ने अभी बीते दिनों ही दुनिया को अलविदा कहा है, उनके जाने का सदमा लोगों में अभी कम नहीं हुआ था कि अब फिल्म इंडस्ट्री को दूसरा बड़ा सदमा लगा है। अभिनेता ऋषि कपूर का मुंबई में आज निधन हो गया।
मुंबई के सर एच एन फाउंडेशन हॉस्पिटल में बुधवार को 67 साल की उम्र में ऋषि कपूर का निधन हुआ। अभिनेता 2 साल से कैंसर से लड़ रहे थे। सांस की तकलीफ की वजह से अभिनेता को बुधवार सुबह हॉस्पिटल ले जाया गया था। ऋषि की मौत के बाद अमिताभ बच्चन सहित कई बॉलिवुड के सितारों ने दुक जाहिर किया है।
बताते चलें कि, सितंबर 2018 में ऋषि कपूर को कैंसर का पता चलने के बाद वह पत्नी नीतू सिंह के साथ न्यू यॉर्क इलाज के लिए गए थे। उनके परिवार ने लंबे वक्त तक बीमारी छिपाने की कोशिश की थी। वहां लगभग 1 साल इलाज करवाने के बाद वह सितंबर 2019 में भारत लौटे थे।
गौर हो कि, कुछ वक्त पहले ऋषि कपूर दिल्ली में ‘शर्माजी नमकीन’ की शूटिंग के वक्त बीमार पड़ गए थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। मीडिया में आई खबरों की माने तो उन्हें कैंसर रीलैप्स (फिर से वापस आना) हुआ था।