
पूरी दुनिया में कहर बरपा रहा कोरोना वायरस भारत में शायद उतना खतरनाक ना साबित हो। अमेरिका, इटली, स्पेन, फ्रांस जैसे विकसित देशों में कोविड-19 के कारण लाखों लोग मारे गए हैं। हालांकि भारत में उतने बुरे हालात नहीं होंगे। केंद्र सरकार का अनुमान तो यही कहता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन के मुताबिक, ‘देश बुरे से बुरे हालात का सामान करने के लिए तैयार हो गया है।’ उन्होंने कहा कि ‘कई विकसित देशों में जैसे हालात बने, हम उस तरह की स्थिति भारत में बनती नहीं देख रहे हैं।’
डॉ हर्षवर्धन ने जानकारी दी कि देश में कोविड-19 से होने वाली मृत्यु दर लगभग 3.3% बनी हुई है जो कि पूरी दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर में शामिल है। उन्होंने बताया कि भारत में इस वायरस से उपचार के बाद ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) 29.9% तक बढ़ गई है। मंत्री ने कहा कि ये बहुत अच्छे संकेतक हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को बताया कि पिछले तीन दिन में, कोविड-19 का डबलिंग रेट लगभग 11 दिन का रहा है। वहीं, अगर पिछले सात दिनों की बात करें तो डबलिंग रेट 9.9 दिन हो जाता है। हर्षवर्धन ने इन नतीजों को अच्छा बताया है।