
दिल्ली की सड़को पर अब दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज पहली इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की। आज करीब 100 बसों को सड़क पर उतारा गया है। वहीं, आने वाले दिनों में 2 महीने के अंदर करीब 300 बसों को चलाया जाएगा। इस अवसर पर सीएम केजरीवाल ने कहा कि ये नए युग की शुरुआत है। इससे पॉल्युशन भी कंट्रोल होगा।
दिल्ली को पहली इलेक्ट्रिक बस मिली

केजरीवाल ने कहा कि यह कदम दिल्ली परिवहन निगम के लिए “मील का पत्थर” साबित होगा। उन्होंने आगे संवाददाताओं से कहा आज दिल्ली को अपनी पहली इलेक्ट्रिक बस मिल गई है और यह कई मायनों में दिल्ली परिवहन निगम के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे दिल्ली वासियों को अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस में सफर करने का मौका मिलने के साथ ही दिल्ली के पर्यावरण में भी सुधार होने लगेगा।
ऐसी करीब 2000 बसें चलाने का प्लान

केजरीवाल ने कहा, ये बसें एक से डेढ़ घंटे में फुल चार्ज हो जाएंगी। वहीं सिंगल चार्ज में ये बसें 120 किलोमीटर की रेंज देंगी। दिल्ली सरकार के मुताबिक अप्रैल तक यहां 300 इलेक्ट्रिक बसें होंगी। यही नहीं आने वाले सालों में दिल्ली में ऐसी करीब 2000 बसें चलाने का प्लान है। इन 12-मीटर-लो फ्लोर एसी, ई-बसों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पैनिक बटन के साथ-साथ गुलाबी सीटें भी हैं।
बसें ध्वनि प्रदुषण रहित
दिल्ली में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ये बसें ध्वनि प्रदुषण रहित हैं और साथ ही इनसे कार्बन का उत्सर्जन भी नहीं होता है। ये बसें शून्य-उत्सर्जन वाले वाहन है। इस बस को 27 किलोमीटर लंबे रूट ई-44 आईटीओ, सफरंग, आश्रम के रास्ते प्रगति मैदान से आईपी डिपो तक चलाया जाएगा। बस का निर्माण जेबीएम ऑटो लिमिटेड द्वारा किया गया है। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के अनुसार, अप्रैल तक 300 बसे दिल्ली की सड़कों पर होगी। उन्होंने कहा कि अब हर महीने 50 इलेक्ट्रिक बसें जत्थे में जोड़ी जाएंगी।