
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का आज दोपहर लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। बीते 9 मई को कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी ने ट्विटर पर पूर्व सीएम की मौत की खबर की पुष्टि की। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम संस्कार शनिवार को अजीत जोगी के जन्मस्थान गोरैला में होगा।
अमित जोगी ने ट्वीट किया, ’20 वर्षीय युवा छत्तीसगढ़ राज्य के सिर से आज उसके पिता का साया उठ गया। केवल मैंने ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ ने अपना पिता खोया है। अजित जोगी ढाई करोड़ लोगों के अपने परिवार को छोड़ कर ईश्वर के पास चले गए। गांव-गरीब का सहारा, छत्तीसगढ़ का दुलारा, हमसे बहुत दूर चला गया।’
जोगी को पहला दिल का दौरा घर पर आया था जिसके बाद नौ मई को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से ही उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। दूसरा दिल का दौरा उन्हें बुधवार की रात को पड़ा था।