
देश में लॉकडाउन 4 की मियाद 31 मई को पूरी हो रही है. ऐसे में आगे क्या हो, लॉकडाउन 5 लागू हो या नहीं? अगर हो तो उसकी तस्वीर कैसी हो? इन सब को लेकर गृम मंत्री अमित शाह ने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों से सुझाव मांगे हैं. गृह मंत्री शाह ने आज सभी मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत की और लॉकडाउन 5 को लेकर उनसे सुझाव मांगे।
इस दौरान शाह ने मुख्यमंत्रियों से कोरोना वायरस के बारे में उनके विचार जाने। वार्ता में लॉकडाउन को आगे बढ़ाने या न बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बता दें कि देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन की शुरुआत की गई थी।
देश में लॉकडाउन का फिलहाल चौथा चरण चल रहा है जो 31 मई को समाप्त होगा। माना जा रहा है कि लॉकडाउन के शुरुआती दौर में आम जनजीवन को पूरी तरह से रोक दिया गया था, लोगों को घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए थे।
आवश्यक सेवाओं के अलावा सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। हालांकि, समय के साथ लॉकडाउन में राहतें दी गई हैं। देश में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 1,58,333 हो गई है, जिनमें से 86,110 सक्रिय मामले हैं, 67,692 लोग ठीक हो चुके हैं और अब तक 4,531 लोगों की मौत हो चुकी है।