
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में तीन हादसों में 16 मजदूरों की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के गुना में बस और कंटेनर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हुई। 54 जख्मी हो गए। हादसा देर रात दो बजे बाइपास मार्ग पर हुआ। यह सभी लोग उत्तरप्रदेश के उन्नाव जिले जा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात रोडवेज की बस ने 6 मजदूरों कि कुचल दिया। ऐसा ही एक हादसा बिहार में भी हुआ। यहां भी प्रवासियों की बस ट्रक से टकराई। दो लोगों की जान चली गई। फिलहाल रोडवेज बस के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बस का नंबर यूपी 85 एटी-0911 है। ड्राइवर राजवीर फिरोजाबाद के सुहागनगर का रहने वाला है।
इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम योगी ने घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक मदद देने के भी निर्देश दिए हैं। मृतकों के शव बिहार भिजवाने का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं, मंडलायुक्त सहारनपुर को घटना की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।
बता दें कि यूपी में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। पंजाब से पैदल बिहार के अपने गांव जा रहे 6 मजदूरों को एक तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। सभी मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। घटना घलौली चेक पोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास की है। पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात 11:45 बजे हुआ। पंजाब में काम करने वाले मजदूर देर रात पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पैदल घर जा रहे 16 मजदूरों ने एक मालगाड़ी से कटकर जान गंवाई थी।