
आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में गुरुवार तड़के एक केमिकल प्लांट से अचानक गैस लीक होने लगी, और हर तरफ अफरा तफरी मच गई। हादसा तड़के 2:30 से 3:30 बजे के बीच हुआ सांस लेने में तकलीफ के चलते लोग सड़कों पर जहां-तहां बेहोश पड़े हुए हैं। बीमार लोगों को कंधे पर उठाकर अस्पताल ले जाया जा रहा है। बुजुर्ग और बच्चों की हालत ज्यादा खराब है। हादसा विशाखापट्टनम स्थित एलजी पॉलिमर इंडस्ट्री में गुरुवार तड़के हुआ। अचानक गैस रिसाव के चलते प्लांट के 3 किमी के दायरे तक लोगों में दहशत फैली हुई है। इस हादसे के बाद लोग सोशल मीडिया पर दुख जाहिर कर रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी गहरा दुख जताया है। पंड्या ने ट्वीट कर इस दुर्घटना को दिल दुखाने वाला कहा है। उन्होंने ट्वीट किया #VizagGasLeak देखकर दिल टूट गया। इस हादसे का शिकार हुए लोगों के प्रियजनों के लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और प्रभावितों के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।
भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया है। यादव ने भी ट्विटर पर कहा कि इस घटना के बारे में जानकर उनका दिल टूट गया। उन्होंने सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना भी की।